संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू के मेदिनीनगर नगर निगम प्रशासन ने शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण के खिलाफ एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है. नगर आयुक्त के निर्देशानुसार निगम की टीम ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों में माइकिंग कर अंतिम चेतावनी जारी की है कि 24 घंटे के भीतर सभी अवैध अतिक्रमण स्वयं हटा लें अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी. सरकारी बस पड़ाव, लता मंगेशकर चौक, छह मुहान, हॉस्पिटल चौक, छोटी मस्जिद एरिया रोड, डाबर रोड और एलआईसी रोड जैसे प्रमुख स्थलों पर यह चेतावनी दी गई है.
निगम प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि 24 घंटे की समय सीमा समाप्त होने के बाद मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में सख्ती से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी. आज चलाए गए इस एनफोर्समेंट अभियान में सी एल टी सी गुरुदयाल सिंह, अमीन सत्येंद्र मेहता, शेरान खान, अविनाश कुमार और सुपरवाइजर रंजीत कुमार उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: बड़की सरिया में जंगल की जमीन अवैध रूप से चल रहा था बुलडोजर, जेसीबी को ग्रामीणों ने पकड़ा, वन विभाग ने दर्ज किया केस