भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय प्रखंड परिसर स्थित समाकक्ष भवन में शनिवार को गांडेय बीडीओ निशात अंजुम की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रखंड के सभी पंचायतों के मुखिया एवं पंचायत सेवकों ने भाग लिया.
बैठक के दौरान बीडीओ ने 15वीं वित्त आयोग की योजनाओं की स्वीकृति एवं क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की. उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश देते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर टाइड एवं अनटाइड योजनाओं को जल्द से जल्द शुरू किया जाए तथा आवंटित राशि के अनुरूप आवश्यक विकास योजनाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए.
इसके अलावा बीडीओ ने सभी पंचायत सेवकों को संबंधित पंचायतों में जाकर मईया सम्मान योजना का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सत्यापन कार्य पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए.
बैठक में पंचायती राज विभाग के प्रवीण कुमार, बीपीआरओ बैजनाथ महतो, कनीय अभियंता अब्दुल फारुक सहित विभिन्न पंचायतों के पंचायत सेवक एवं मुखिया उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: भगवान बिरसा जैविक उद्यान में वृद्ध तेंदुए ‘मिर्ज’ की मौत, अधिक उम्र के कारण काफी कमजोर हो गया था तेंदुआ