केसरीनाथ यादव/न्यूज 11 भारत
दुमका/डेस्क: मसलिया थाना क्षेत्र के बेलगंजिया गांव स्थित एक कुएं से गुरुवार को करीब 35 वर्षीय महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान सुमन चौधरी, पति दीपक चौधरी के रूप में की गई है. ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार सुबह से ही परिजन सुमन चौधरी की खोजबीन कर रहे थे. परिजनों ने सगा-संबंधियों और परिचितों से फोन पर संपर्क कर महिला के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन कहीं से कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों तथा कुओं में भी तलाश शुरू की. इसी क्रम में गांव स्थित एक कुएं में महिला का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया.
शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल मसलिया थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है. महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतका की तीन बेटियां और एक बेटा है.
यह भी पढ़ें: रविंद्रनाथ महतो के प्रयास से नाला विधानसभा क्षेत्र की चार सड़कों को मिली प्रशासनिक स्वीकृति