पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: घाघरा प्रखंड के सुदूरवर्ती पंचायत सचिवालय आने-जाने वाले मुख्य मार्ग पर खतरा गहराने लगा है. आर्य नदी धाम के समीप गढ़वाल टूट जाने से पक्की सड़क के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि बरसात से पहले इसकी मरम्मत नहीं कराई गई, तो पूरी सड़क नदी में बह सकती है, जिससे क्षेत्र के दर्जनों गांवों का संपर्क बाधित हो जाएगा. ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जिससे प्रतिदिन छात्र-छात्राएं, मरीज, किसान एवं आम लोग आवागमन करते हैं. गढ़वाल टूटने के कारण सड़क के नीचे कटाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों में भय का माहौल है.
समस्या की गंभीरता को देखते हुए दिरगांव पंचायत के ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन सौंपा तथा अविलंब मरम्मत कराने की मांग की. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बरसात में बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है.
मामले पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि अभियंता द्वारा स्थल निरीक्षण कर गढ़वाल की स्थिति का आकलन कराया जाएगा. रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला उपायुक्त को भेजी जाएगी, ताकि जल्द समाधान कराया जा सके.
यह भी पढ़ें: प्रखंड टॉपर निभा कुमारी को पूर्व मुखिया डब्लू राय ने किया सम्मानित, जिले में हासिल की 7वां स्थान