रवि सिन्हा/न्यूज11 भारत
डुमरी/डेस्क: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जिला परिषद सदस्य सुनीता कुमारी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजी गई राखी एवं शुभकामनाओं का प्रधानमंत्री ने आत्मीय पत्र के माध्यम से जवाब दिया है. प्रधानमंत्री कार्यालय, नई दिल्ली से 10 सितंबर 2026 को भेजे गए इस पत्र को लेकर सुनीता कुमारी एवं उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र में राखी एवं शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आत्मीयता का यह पर्व सुनीता कुमारी के जीवन में सुख, शांति और खुशियां लेकर आए.
पत्र में प्रधानमंत्री ने देश की विकास यात्रा में नारी शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्यमिता, खेल और नवाचार सहित हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं तथा उनकी उपलब्धियां आज के भारत को सशक्त करने के साथ आने वाले भारत की दिशा भी तय कर रही हैं.
प्रधानमंत्री ने ‘नारी नेतृत्व में विकास’ की सोच को रेखांकित करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में नारी शक्ति अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास से देश के विकास को और गति देगी. उन्होंने सुनीता कुमारी के प्रयासों और योगदान पर विश्वास जताते हुए कहा कि वे अपने प्रयासों के माध्यम से बदलते भारत की यात्रा में योगदान देंगी.
प्रधानमंत्री का यह आत्मीय पत्र मिलने पर जिला परिषद सदस्य सुनीता कुमारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह, शुभकामनाएं और महिलाओं के प्रति उनका विश्वास उनके लिए प्रेरणा का विषय है.
उन्होंने कहा कि जनसेवा उनके लिए केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रति संकल्प है. महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण के साथ-साथ डुमरी क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेंगी.
सुनीता कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह स्नेहपूर्ण पत्र निश्चित रूप से उन्हें और अधिक ऊर्जा एवं उत्साह के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा देगा.
यह भी पढ़ें: डॉ इरफान अंसारी ने फॉर्म-7 की आड़ में सिर्फ जामताड़ा जिले में 41 हजार वोटरों के नाम काटने की साजिश का लगाया आरोप