न्यूज़11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: जश्न ए आजादी के जिला स्तरीय मुख्य समारोह में परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा. उपायुक्त कंचन सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी. राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान की गूंज के बीच पूरा स्टेडियम राष्ट्रप्रेम से एकाकार हो उठा. पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और विभिन्न विद्यालयों की कुल 11 प्लाटून ने शानदार परेड प्रस्तुत की.
समारोह के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है. उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू, तेलंगा खड़िया सहित झारखंड के वीर सपूतों को नमन किया और जिलेवासियों से सामाजिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, कानून-व्यवस्था तथा राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की.
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण, कृषि, मत्स्य पालन, स्थानीय कला-शिल्प और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है. सिमडेगा की हॉकी प्रतिभाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित करता है. पर्यटन के क्षेत्र में रामरेखा धाम और केलाघाघ के विकास तथा हेरिटेज सेंटर-कम-म्यूजियम की उपलब्धियों को भी उन्होंने रेखांकित किया.
शिक्षा के क्षेत्र में जिले के बेहतर परिणामों का उल्लेख करते हुए उपायुक्त ने बताया कि चार विद्यालयों में एडवांस्ड STEM लैब स्थापित किए जा रहे हैं. सामाजिक सुरक्षा के तहत 3,65,262 लाभुकों को पेंशन योजनाओं का लाभ तथा 89,475 महिलाओं को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि दी जा चुकी है. जिले में 1,20,932 घरों को नल से जल का कनेक्शन देने की जानकारी भी दी गई.
पर्यावरण संरक्षण के तहत साढ़े चार लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं. सड़क सुरक्षा पर उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने की अपील की. ग्रामीण कनेक्टिविटी के लिए सड़क और पुल निर्माण की प्रगति भी बताई.
19 उत्कृष्ट पदाधिकारी-कर्मी सम्मानित
समारोह में उत्कृष्ट कार्य के लिए कुल 19 पदाधिकारी, कर्मी और पुलिसकर्मी सम्मानित हुए. हॉकी खिलाड़ी पुष्पा मांझी को खेल क्षेत्र में उपलब्धि के लिए माइकल किंडो मेमोरियल अवार्ड दिया गया. पुलिस विभाग के छह कर्मियों सहित प्रशासनिक एवं अन्य विभागों के कर्मियों को भी सम्मानित किया गया.
समारोह में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा, विधायक भूषण बाड़ा, विधायक नमन विक्सल कोनगाड़ी, एसपी श्रीकांत एस. खोटरे, डीडीसी दीपांकर चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे.