भरत मंडल/न्यूज़11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय थाना क्षेत्र की घाटकुल पंचायत के मडवाटांड़ गांव में नवनिर्मित पावर हाउस में सोमवार की देर रात बदमाशों ने धावा बोल दिया. रात्रि गार्ड को बंधक बनाकर करीब डेढ़ घंटे तक पावर हाउस परिसर में तोड़फोड़ की और कई सामान लेकर फरार हो गये. घटना की सूचना मिलते ही गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. अंचल पुलिस निरीक्षक कमलेश पासवान ने भी घटनास्थल का जायजा लिया.
गार्ड को पिस्तौल-बम दिखाकर बनाया बंधक
रात्रि गार्ड खंभाटांड़ निवासी राजेश किस्कू और जोसेफ टुडू के कहा दोनों सोमवार की रात कमरे के बाहर खटिया पर सोकर फिल्म देख रहे थे. करीब 11.30 बजे चारदीवारी फांदकर नकाबपोश बदमाश अंदर घुसे और पिस्तौल व बम दिखाकर दोनों को भयभीत किया. इसके बाद मोबाइल छीनकर हाथ बांध दिये और मुंह पर कंबल डाल दिया. बदमाशों ने पावर हाउस में तोड़फोड़ करते हुए सामान निकाला और फरार हो गये. गार्ड के अनुसार बदमाशों की संख्या 10-15 के करीब थी, जिसमें कुछ अंदर और कुछ बाहर मौजूद थे. हालांकि, पुलिस जांच में वास्तविक संख्या स्पष्ट होगी.
50 किलो कॉपर व 12 स्ट्रीट लाइट ले गये
संवेदक कंपनी एवीएस के इंजीनियर धीरज कुमार के कहना है बदमाश करीब 50 किलो कॉपर टेप चेंजर, बुश कॉइल और 12 स्ट्रीट लाइट ले गये. चोरी गये सामान की कीमत करीब 40-45 हजार रुपये बतायी गयी है. वहीं, दोनों ट्रांसफार्मर समेत 26 ड्रम ट्रांसफार्मर ऑयल को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. क्षतिग्रस्त सामान की कीमत करीब 80 लाख रुपये बतायी जा रही है.
मानवीय व तकनीकी तरीके से जांच
घटना की जानकारी बिजली कर्मी शंभु वर्मा ने पुलिस को दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गार्ड और कंपनी कर्मियों के बयान दर्ज किये हैं. पुलिस मानवीय और तकनीकी साधनों के आधार पर बदमाशों की पहचान और घटना की जांच में जुटी है. मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी फैलते ही पावर हाउस के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.