रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
बंदगांव/डेस्क: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बंदगांव प्रखंड के नकटी पंचायत अंतर्गत ग्राम कोंकवां में आयोजित दो दिवसीय पारंपरिक छऊ नृत्य महोत्सव का हर्षोल्लास के साथ भव्य समापन हुआ.
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में क्षेत्र की समृद्ध लोक कला की मनमोहक झलक देखने को मिली. समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि चक्रधरपुर नगर परिषद के अध्यक्ष सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सन्नी उरांव शामिल हुए. उनके साथ विधायक प्रतिनिधि पीरू हेम्ब्रम, बंदगांव प्रखंड विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई, प्रखंड सचिव सुनील लगुरी, ग्राम प्रधान, आयोजन समिति के सदस्य सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
दो दिनों तक चले इस महोत्सव में विभिन्न दलों के छऊ कलाकारों ने अपनी शानदार वेशभूषा और सशक्त भाव-भंगिमाओं से पौराणिक कथाओं का जीवंत मंचन किया. कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सन्नी उरांव ने कहा कि छऊ नृत्य केवल नृत्य नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान है. इसे संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. अतिथियों ने सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया.
वक्ताओं ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व पर इस तरह के आयोजन से सामाजिक समरसता, ग्रामीण एकता और आपसी भाईचारा और अधिक मजबूत होता है. आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों की सराहनीय भूमिका रही.
यह भी पढ़ें: बोकारो में जलजमाव से लोग परेशान, दशकों से नहीं निकला स्थायी समाधान