न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा पार्क की सुरक्षा में कड़ा पहरा लगा दिया गया है. 17 दिनों के लिए पार्क के आसपास 49 मजिस्ट्रेट तैनात किये गए हैं. 3 शिफ्ट में मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी रहेगी. हर शिफ्ट में 20 पुलिसकर्मी पार्क के पास मुस्तैद रहेंगे. इनमें 10 महिला पुलिसकर्मी भी सुरक्षा में तैनात रहेंगी. इतना ही नहीं PCR और पेट्रोलिंग वाहन भी लगातार निगरानी करेंगे. साथ ही पार्क पर कोतवाली थाना पुलिस भी पैनी नजर रखेगी. 21 अक्टूबर की सुबह तक पार्क के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे.
मेयर रोशनी खलखो ने जबरन खोला था गेट का ताला
बताते चलें JPSC-JSSC CGL परीक्षा में धांधली के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा पार्क में ही छात्रों का प्रदर्शन चल रहा था. छात्रों का प्रदर्शन समाप्त होने के बाद से पार्क और आसपास 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू है. प्रदर्शन खत्म होने के बाद प्रशासन ने पार्क के मुख्य गेट पर ताला भी लगाया था.
इसी बीच निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद 5 अक्टूबर की सुबह मॉर्निंग वॉक के नाम पर मेयर रोशनी खलखो ने जबरन गेट का ताला खोला था. इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन ने दोबारा पार्क के गेट पर ताला लगा दिया. अब प्रशासन जयपाल सिंह मुंडा पार्क की सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड में आ गयी है.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर: बिंदल मॉल में फायरिंग करने वाले शूटर्स का हाफ एनकाउंटर, देर रात मरीन ड्राइव के पास हुई मुठभेड़