सविता बरनवाल/न्यूज़11 भारत
गोमो/डेस्क: झारखंड की मशहूर तोपचांची झील इन दिनों अपनी बदहाली को लेकर सवालों के घेरे में है. झील तक पहुंचने वाला मुख्य रास्ता जगह-जगह जर्जर हो चुका है. सड़क पर बने गड्ढे और जलजमाव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पर्यटकों का कहना है कि बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा हो जाने से बाइक और अन्य वाहनों से आवाजाही करना काफी मुश्किल हो जाता है.

पिंटू कुमार ने झील परिसर में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर भी नाराजगी जताई. उनका कहना है कि पूरे झील क्षेत्र में बारिश से बचने के लिए एक भी उचित शेल्टर या आश्रय स्थल नहीं है. अचानक बारिश शुरू हो जाए तो पर्यटकों के पास सुरक्षित जगह पर रुकने का कोई इंतजाम नहीं रहता. ऐसे में दूर-दराज से घूमने आने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है.
पर्यटकों ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि तोपचांची झील की बदहाल सड़क की जल्द मरम्मत कराने के साथ-साथ बारिश और धूप से बचाव के लिए जगह-जगह शेल्टर की व्यवस्था की जाए.

वहीं विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी ने कहा कि तोपचांची झील तक पहुंचने वाली सड़क को लेकर जल्द ही टेंडर निकाला गया है. सड़क की स्थिति में सुधार के लिए जल्द काम शुरू कराया जाएगा और इसे बेहतर तरीके से दुरुस्त कर बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क की समस्या का जल्द समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: गोमो: चोरी के बाद वापस उसी दुकान में पहुंचा चोर, दुकानकार ने पकड़कर पुलिस को सौंपा