मधु सुदन/न्यूज11 भारत
सरायकेला/डेस्क: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 2 अक्टूबर को मुख्य सड़कों पर अनियंत्रित और खतरनाक तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष यातायात अभियान चलाया गया. यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क किनारे गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों की जांच की गई और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया.
अभियान के दौरान वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि मुख्य सड़क पर इस तरह वाहन खड़ा न करें, जिससे यातायात प्रभावित हो या दुर्घटना की आशंका बने. पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर वाहनों की गलत पार्किंग से यातायात व्यवस्था बाधित होने के साथ-साथ हादसे का खतरा भी बढ़ जाता है.
वहीं अभियान के दौरान कुछ ब्रेकडाउन वाहन भी मुख्य सड़क पर खड़े मिले. ऐसे वाहनों की पहचान दूर से हो सके, इसके लिए पुलिस की ओर से उन पर रेडियम और रिफ्लेक्टिव स्टिकर लगाए गए. इसका उद्देश्य रात या कम दृश्यता की स्थिति में पीछे और आगे से आने वाले वाहन चालकों को सड़क पर खड़े वाहन के बारे में समय रहते जानकारी देना और संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है.
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है. पुलिस ने कहा कि मुख्य सड़क पर वाहन खड़ा करते समय सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी स्थिति में यातायात को बाधित न करें.
यह भी पढ़ें: चतरा: मां भद्रकाली मंदिर के कीर्तन मंडली के पुजारी की संदेहास्पद मौत, फंदे से लटकता मिला शव