न्यूज11 भारत
जमशेदपुर/डेस्क: जमशेदपुर टाटानगर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत RPF टीम टाटा और GRP टाटा को बड़ी सफलता मिली है. वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, RPF/CKP एवं रेल एसपी, जमशेदपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से करीब 11 किलो गांजा बरामद किया गया है.
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की देर रात RPF टीम टाटा और GRP टाटा की संयुक्त टीम द्वारा संदिग्धों की जांच एवं निगरानी के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा गया. पूछताछ में उसकी पहचान दुखी श्याम पुजारी (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सुवर्णापुर, ओडिशा का निवासी बताया गया है.
तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 11 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. बरामद गांजे को जब्त करने के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है.
रेल पुलिस और RPF की इस कार्रवाई को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, रेलवे क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है.यह कार्रवाई RPF द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत की गई. रेलवे सुरक्षा बल और GRP की संयुक्त टीम आगे भी नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान जारी रखेगी.
यह भी पढ़ें: हैदरनगर रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात व्यक्ति बेसुध अवस्था में मिला, पुलिस ने अस्पताल मे कराया भर्ती