न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: एशियन गेम्स 2026 में 14वें दिन भारत के लिए ऐतिहासिक दिन बन गया. शुक्रवार को एक नहीं, दो नहीं, पूरे 6 गोल्ड मेडल जीत कर देशवासियों को बड़ा तोहफा दिया है. भारत ने आज कुल 10 मेडल जीते. भारत की आज की सबसे बड़ी उपलब्धि महिला हॉकी में रही. महिला हॉकी ने एशियन गेम्स में 44 साल का सूखा खत्म करते हुए न सिर्फ गोल्ड मेडल देश के लिए जीता, बल्कि अगले ओलम्पिक के लिए क्वालिफाई भी कर लिया है.
इन 6 गोल्ड मेडल के दम पर भारत अब मेडल टैली में 5वें स्थान पर पहुंच गया है. एशियन गेम्स 2026 में अब तक 16 गोल्ड, 25 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज मेडल के साथ कुल 76 मेडल जीत लिए हैं.
14वें दिन भारत का ऐसा रहा प्रदर्शन
- भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को फाइनल में 1-0 से हरा कर गोल्ड मेडल जीता.
- सुजीत कलकल ने 65 किग्रा वर्ग के फाइनल में रेसलिंग का गोल्ड मेडल जीता.
- भारतीय पुरुष बॉक्सर अंकुश पंघाल ने 80 किग्रा वर्ग में भारत को गोल्ड दिलाया.
- परवीन हुड्डा ने महिलाओं के 65 किग्रा वर्ग के फाइनल में चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन को हराकर स्वर्ण पदक जीता.
- बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने चीन की बाओ जियी को हराकर स्वर्ण जीता.
- तीरंदाजी में महिला रिकर्व टीम (अंकिता भगत, कीर्ति और कुमकुम मोहेड) ने भारत को स्वर्ण पदक दिलाया.
- भारत की पुरुष और मिश्रित टीमों ने भारत को रजत पदक दिलाए.
- नेत्रा कुमानन ने महिला डिंगी सेलिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीता.
- भारतीय टीम ने सेपकटकरा के पुरुष क्वाड्रेंट में कांस्य पदक जीता.