न्यूज11 भारत
चतरा/डेस्क: चतरा जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है. सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत के घूरनाडीह गांव स्थित कड़गु पटेर (तड़गू) नदी में दो बच्चों के शव संदेहास्पद स्थिति में बरामद हुए हैं, जबकि उनके साथ गया तीसरा दोस्त लापता है. जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह तीन दोस्त नदी किनारे पिकनिक मनाने पहुंचे थे. वहां पास्ता बनाकर खाने के बाद तीनों नहाने के लिए नदी में उतरे, लेकिन गहरे पानी में जाने से डूब गए. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक शव नदी के अंदर से और दूसरा किनारे से बरामद किया है. मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है. घटनास्थल से पुलिस ने दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल और दो बैग समेत कई सामान बरामद किए हैं. फिलहाल पुलिस शवों की पहचान कराने में जुटी है और लापता तीसरे बच्चे की सघन तलाश की जा रही है. इस घटना से पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है.