रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा/डेस्क: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की टोटो बेचने की फिराक में घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई टोटो और चार बैटरी बरामद की हैं. दोनों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. घटना के संबंध में चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने एक प्रेस संवाददाता कर कहा कि शुक्रवार शाम करीब 4:45 बजे गुप्त सूचना मिली कि भरत भवन के पास दो अज्ञात लड़के चोरी की टोटो बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने सनहा दर्ज कर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया.
आदेश मिलते ही थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में पु.अ.नि. गुफरान खान, पु.अ.नि. अंजारुल हक, स.अ.नि. भरत भूषण सामड और गश्ती दल के सशस्त्र बल की टीम गठित कर भरत भवन के लिए रवाना हुई.शाम करीब 5:00 बजे भरत भवन चौक पर पुलिस को दो संदिग्ध युवक दिखे. पुलिस वाहन देखते ही दोनों भागने लगे. सशस्त्र बल के सहयोग से दोनों को घेरकर पकड़ लिया गया. पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों को थाना लाया गया.
थाना में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान मो. हैदर, उम्र 28 वर्ष, पिता स्व. मो. कायुम, वार्ड नं. 18 बंगला टांड, और मो. फरहान उर्फ बाबू, उम्र 19 वर्ष, पिता मो. निजाम, मिल्लत कॉलोनी, वार्ड नं. 18 बंगला टांड, थाना चक्रधरपुर के रूप में बताई. पुलिस ने थाना में जब कराई से पूछताछ किया तो दोनों ने बताया कि 20 अप्रैल 2025 को बंगला टांड से टोटो चोरी करने की बात स्वीकार की.
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम उन्हें चट्टानी देवगांव ले गई, जहां से चोरी की गई टोटो बरामद की गई. साथ ही पूर्व में चोरी कर टोटो गैरेज में रखी गई चार बैटरी भी बरामद की गई. इस संबंध में चक्रधरपुर थाना कांड संख्या 49/2026 24 अप्रैल 2026, धारा 303(2) बीएनएस-2023 के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज था. दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है.
यह भी पढ़ें: मुंबई हाई कोर्ट के निर्देश पर सिमडेगा के कई दुकानों में हुई रेड, कई नकली सामान बरामद