दो युवक गिरफ्तार

गढ़वा में हथियार दिखाकर धमकाने वाले दो युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा व जिंदा गोली बरामद

मोबाइल सिम को लेकर हुआ विवाद, पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को दबोचा

By : Ark Sahuliyar
गढ़वा में हथियार दिखाकर धमकाने वाले दो युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा व जिंदा गोली बरामद

अरुण कुमार यादव/न्यूज़11 भारत 
गढ़वा/डेस्क:
गढ़वा जिले के चिनियां थाना पुलिस ने हथियार दिखाकर धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है. गिरफ्तार आरोपियों में 19 वर्षीय एकबाल अंसारी एवं 17 वर्षीय अफजल अंसारी दोनों निवासी चिनिया थाना क्षेत्र शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से लोहे का निर्मित एक देसी कट्टा और 8 एमएम की एक जिंदा गोली बरामद की है. मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी विकु कुमार रजक ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि 2 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे चिनिया निवासी पप्पू शाह के किराए के मकान में रह रहे राजबांस गांव निवासी अवधेश यादव, पिता हिरामन यादव के पास दोनों आरोपी पहुंचे थे.

आरोप है कि अफजल अंसारी अपने सहयोगी एकबाल अंसारी के साथ देसी हथियार और गोली लेकर पहुंचा तथा सामान दिखाकर अवधेश यादव को धमकाया कि अगर मोबाइल सिम वापस नहीं करेगा तो उठा लेंगे. घटना की सूचना मिलने के बाद गढ़वा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया. टीम ने मानवीय सूचना एवं तकनीकी सहयोग के आधार पर 3 सितंबर को चिनिया अंतर्गत कपिल साव के बाउंड्री वॉल के पीछे से दोनों आरोपियों को हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में चिनिया थाना कांड संख्या 34/26  दर्ज करते हुए धारा 351(2)(3)(5) बीएनएस एवं 25(1-बी), 26, 35 आर्म्स एक्ट के तहत कांड दर्ज किया गया तथा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गढ़वा जेल भेज दिया है.