वीरेन्द्र शर्मा/ न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: हजारीबाग जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गुरुवार को करसों, बरही स्थित होटल हर्षित राज में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सह हजारीबाग जिला कांग्रेस अध्यक्ष जयप्रकाश भाई पटेल रहे. बैठक में बरही के पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला यादव समेत जिलेभर के वरिष्ठ नेता एवं सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए.
बैठक में आगामी 7 सितंबर को लोकभवन के समक्ष आयोजित होने वाले विशाल धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही MMDR संशोधन अधिनियम-2026 के विरोध, भाजपा की नीतियों तथा झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस के आंदोलन को मजबूत करने पर विचार-विमर्श हुआ.
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला यादव ने MMDR संशोधन अधिनियम-2026 का विरोध करते हुए कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधन यहां की जनता की अमूल्य संपदा हैं. उन्होंने भाजपा की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों और झारखंड के संसाधनों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क पर मजबूती से संघर्ष करेगी.
उमाशंकर अकेला ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी के कार्यक्रमों एवं आंदोलनों में पूरी एकजुटता के साथ भाग लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष लगातार जारी रहेगा.
बैठक में भाजपा की नीतियों के खिलाफ जनता के अधिकारों की आवाज बुलंद करने तथा झारखंड के प्राकृतिक एवं खनिज संसाधनों पर स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया.
बैठक में पूर्व मंत्री योगेंद्र साव, प्रदेश महासचिव भीम कुमार, बरही विधानसभा सह प्रभारी डॉ. प्रकाश कुमार, प्रदेश सचिव श्रीमती मनीषा टोप्पो, जिला प्रवक्ता मनोज नारायण भगत सहित बरही, चौपारण एवं पदमा प्रखंडों के विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, सचिव, पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, एनएसयूआई, जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, प्रखंड एवं मंडल अध्यक्ष तथा सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: जिस घर में लौटा था बेटा, वहीं से उठी उसकी अर्थी; तालाब ने छीन ली 8 साल की जिंदगी