विकास कुमार /न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद /डेस्क: हुसैनाबाद प्रशासन की मुस्तैदी से अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोमवार की रात एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. अनुमंडल पदाधिकारी गौरांग महतो के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान जय प्रकाश चौक से अवैध स्टोन चिप्स लदे एक हाइवा को जब्त किया गया है.
सोमवार की रात करीब 8:45 बजे जब अनुमंडल पदाधिकारी गौरांग महतो, अंचलाधिकारी पंकज कुमार और पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार क्षेत्र भ्रमण पर थे, तभी हुसैनाबाद के जय प्रकाश चौक के पास से जा रहे एक हाइवा वाहन जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 03ए बी 4408 को रोका गया. वाहन की जांच करने पर वह स्टोन चिप्स लदा पाया गया. प्रशासन के द्वारा हाइवा चालक से परिवहन से संबंधित वैध चालान और अन्य कागजात की मांग की गई.
मौके पर मौजूद चालक ने कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया. बिना किसी वैध कागजात, चालान के खनिज का परिवहन किए जाने के कारण, हाइवा वाहन को थाना लाया गया. पदाधिकारीयों ने कहा कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सरकार और प्रशासन कि नीति स्पष्ट है कि किसी भी सूरत में अवैध खनन, परिवहन व राजस्व की चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर संबंधित विभाग को अग्रतर कार्रवाई के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों बीच हड़कंप मच गया है.
यह भी पढ़ें: डकरा कोलफील्ड में ड्रोन से तस्करों पर CISF की पैनी नजर, अवैध गतिविधियों पर कसेगा शिकंजा