ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित यूजीसी कानून के विरुद्ध गुरुवार की शाम चंदनकियारी मुख्यालय के बाईपास रोड स्थित हरदयाल शर्मा चौक पर सवर्ण समाज के लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
प्रदर्शन की शुरुआत हरदयाल शर्मा चौक से हुई, जहां सैकड़ों की संख्या में सवर्ण समाज के लोग एकत्र हुए. इसके बाद प्रदर्शनकारी पैदल मार्च करते हुए चंदनकियारी सुभाष चौक तक पहुंचे और वहां केंद्र सरकार के विरोध में जोरदार नारे लगाए.
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यूजीसी कानून में सवर्ण विरोधी काले प्रावधान जोड़ दिए गए हैं, जिससे सवर्ण बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. वक्ताओं ने कहा कि इस कानून के कारण निर्दोष विद्यार्थियों को बिना किसी दोष के आरोपी बनाए जाने की आशंका बढ़ गई है. इससे छात्र भय और असुरक्षा के माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर हो रहे हैं. उन्होंने आशंका जताई कि एससी-एसटी एक्ट की तरह इस कानून का भी दुरुपयोग किया जाएगा, जिससे सामाजिक समरसता और अखंडता को खतरा उत्पन्न होगा.
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यूजीसी कानून एक काला कानून है, जिसे सवर्ण समाज किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक यह कानून वापस नहीं लिया जाता, तब तक सवर्ण समाज एकजुट होकर आंदोलन जारी रखेगा और इसे और तेज किया जाएगा.
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. पुलिस प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए था और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सतर्क था.
यह भी पढ़ें: मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के घोषी टोला मोहल्ले में चल रही अवैध मिनी गन फैक्ट्री, पुलिस ने किया भंडाफोड़