वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: बरकट्ठा प्रखंड के शिलाडीह पंचायत में ग्राम सभा के दौरान हुई मारपीट का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है. पंचायत भवन में सरकारी कर्मी के सामने ही समाजसेवी के साथ मारपीट का आरोप लगा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
समाजसेवी समीम अंसारी का आरोप है कि बरकट्ठा प्रखंड के शिलाडीह पंचायत के वर्तमान मुखिया निजाम अंसारी, उनके भाई अख्तर अंसारी, रुस्तम अंसारी, शाखावत अंसारी और अन्य लोगों ने गांव के कुछ दलालों के साथ मिलकर ग्राम सभा के बीच में पंचायत भवन के अंदर पंचायत सेवक के सामने उनके साथ मारपीट की.
पीड़ित का कहना है कि मुखिया उन्हें ग्राम सभा में अपनी बात रखने नहीं देना चाहते थे. उनकी मंशा है कि "वो जो बोले वही होना चाहिए."
समाजसेवी ने आरोप लगाया कि यह हमला इसलिए किया गया क्योंकि मल्हार समुदाय के लोगों के फर्जी कागजात बनाने के मामले में मुखिया और उनके लोग चारों तरफ से फंस रहे हैं, जिसका उन्हें डर सता रहा है. बताया जा रहा है कि घटना के वक्त LRDC मैडम भी पंचायत भवन में मौजूद थीं.
समाजसेवी समीम अंसारी ने कहा - "लोकतंत्र में पंचायत भवन में सरकारी कर्मी के सामने रंगदारी दिखाना कहां तक सही है? हुकूमत और पंचायत तानाशाही से नहीं, लोकतंत्र से चलेगी. अब इसका हिसाब जनता देगी. हमने कफन बांध लिया है, मौत एक ही बार आएगी पर हक के लिए लड़े हैं और लड़ेंगे."
पुलिस ने क्या कहा?
इस पूरे मामले पर गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन दिया गया है. दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर लगभग 12 से 14 लोगों पर गोरहर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है.
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है और वे खुद इस मामले की जांच कर रहे हैं. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
वायरल वीडियो और पंचायत भवन में हुई इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है. ग्रामीण निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: समुद्र में भारतीय वॉरशिप और पाकिस्तानी नेवीशिप की 'भिड़ंत'! भारत ने पाकिस्तानी राजनयिक को कर दिया तलब