न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग और पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार आज मोराबादी मैदान (बापू वाटिका के पास) आयोजित ‘वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन फेज I’ के स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.
इस कार्यक्रम का आयोजन NCC ग्रुप मुख्यालय, रांची द्वारा तथा NCC निदेशालय बिहार एवं झारखंड के निर्देशन में किया गया। इस वर्ष का साइक्लोथॉन “शौर्य के कदम, क्रांति की ओर” विषय पर आधारित था. झारखंड के तीन ऐतिहासिक स्थलों से जुड़े तीन NCC दल साइकिलिंग करते हुए मोराबादी पहुंचे. ये स्थल वीर बिरसा मुंडा के जीवन और उनके संघर्ष से गहराई से जुड़े है. यह कार्यक्रम वीर बिरसा मुंडा के साहस, संघर्ष और सामाजिक चेतना को समर्पित है. साथ ही, यह राज्य के युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और जन-जागरूकता के प्रति नए संकल्प को प्रेरित करने का माध्यम भी है. कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित NCC कैडेट अब साइकिल के माध्यम से नई दिल्ली की यात्रा पर प्रस्थान करेंगे. इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि “दिल्ली की ओर बढ़ने वाले ये कैडेट झारखंड के गौरवदूत है. जहां भी जाएंगे, वहाँ वे हमारे राज्य की संस्कृति, अस्मिता, परंपराओं और वीर बिरसा मुंडा की अमर प्रेरणा का प्रतिनिधित्व करेंगे.” उन्होंने इस साइक्लोथॉन को झारखंड की युवा शक्ति के उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभावना का प्रतीक बताते हुए इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण पहल कहा.
यह भी पढ़े: कोहरे और ठंड ने ट्रेन सेवाओं पर लगाई ब्रेक, भागलपुर में लंबी दूरी की ट्रेनें 6 घंटे लेट