पंकज कुमार/न्यूज़11 भारत
घाघरा/डेस्क: हिंडालको कंपनी के कथित तानाशाही रवैये के खिलाफ खनन प्रभावित क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीण सोमवार को सड़क पर उतर आए. ग्रामीणों ने सुबह करीब 11 बजे घाघरा-नेतरहाट रांची मुख्य पथ पर इटकीरी और देवाकी गांव के बीच सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया. आंदोलनकारियों ने विशेष रूप से बॉक्साइट लदे ट्रकों का आवागमन रोक दिया, जबकि आम लोगों के आवागमन के लिए सड़क खुली रखी गई.
खनिज हमारा फिर सुविधाएं क्यों नहीं हिंडालको कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी
सड़क जाम के दौरान ग्रामीणों ने हिंडालको कंपनी और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी खनन प्रभावित क्षेत्र से बॉक्साइट का दोहन कर मुनाफा कमा रही है, लेकिन प्रभावित गांवों के लोगों को आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है.
इटकीरी से सेरेंगदाग तक सड़क बदहाल, बारिश में कीचड़ में तब्दील
ग्रामीणों ने कहा कि इटकीरी से सेरेंगदाग तक सड़क की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं. बरसात के दिनों में यही सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है.
जर्जर सड़क से मरीजों और गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार सड़क खराब होने के कारण मरीजों और गर्भवती महिलाओं को घाघरा मुख्यालय अथवा अस्पताल तक पहुंचाने में काफी परेशानी होती है. खराब सड़क के कारण वाहन चालक भी इस मार्ग पर जाने से कतराते हैं. ऐसे में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में कई घंटे लग जाते हैं. ग्रामीणों का दावा है कि समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण पूर्व में कई लोगों की जान तक जा चुकी है.
पेयजल, स्वस्थ सुविधा के अभाव पर ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों ने खनन प्रभावित क्षेत्र में पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के अभाव का भी आरोप लगाया. उनका कहना है कि वर्षों से खनन कार्य होने के बावजूद प्रभावित क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया.
कुंजाम पाट में मजदूरों को नोटिस देने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि कुंजाम पाट क्षेत्र में कई भूमि रैयत मजदूरों को जमीन में बॉक्साइट खत्म होने का हवाला देकर नोटिस दिए जाने और काम से हटाने की बात कही जा रही है. ग्रामीणों ने इसे अनुचित बताते हुए कंपनी से प्रभावित मजदूरों के हित में ठोस पहल की मांग की है.
मांगें पूरी होने तक टेंट लगाकर धरना जारी रखने की चेतावनी
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर ठोस पहल होने तक सड़क जाम और धरना जारी रहेगा. ग्रामीणों ने सड़क किनारे टेंट लगाकर आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है.
पुलिस पहुंची, समझाने का प्रयास जारी
समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर पहुंच चुकी थी और जाम कर रहे ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही थी. हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और सड़क जाम नहीं हटाया गया था.जाम स्थल पर सेरेंगदाग, तूइमु, चिरोपाट, नींदी, बढ़ाकेचकी, जालिम, पेरवापाट, पइनपाट, शहीद सहित दर्जनों गांवों के ग्रामीण मौजूद थे.