प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: मंगरा रेलवे स्टेशन पर थर्ड लाइन निर्माण कार्य में मजदूरी करने वाले करीब 40-45 मजदूरों की मेहनत की कमाई तीन महीने से अधिक समय से अटकी हुई है. बार-बार भुगतान की मांग के बावजूद मजदूरी नहीं मिलने से परेशान मजदूर मंगलवार को बरवाडीह थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर बकाया मजदूरी दिलाने की गुहार लगायी.
मजदूरों ने आवेदन में बताया कि उन्होंने 11 मई से 22 जून 2026 तक रेलवे की थर्ड लाइन निर्माण परियोजना में काम किया था. आरोप है कि सरईडीह निवासी ठेकेदार महफुज अंसारी के माध्यम से उनसे काम कराया गया. काम पूरा होने के बाद मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया. मजदूरों का कहना है कि भुगतान के लिए कई बार संपर्क करने पर उन्हें आश्वासन मिलता रहा, लेकिन अब तक राशि नहीं मिली.
मजदूरों ने कहा कि मजदूरी उनकी रोजमर्रा की जरूरतों का मुख्य सहारा है. लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण कई परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं. आखिरकार परेशान होकर सभी मजदूर थाना पहुंचे और बकाया मजदूरी का भुगतान कराने के साथ मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की. आवेदन देने वालों में कैलाश राम, उर्मिला देवी, गुलाबी राम, सरस्वती देवी, रूबी देवी, सकुनती मसोमात, पूजा कुमारी, शीला देवी, मुन्नी देवी, रसपतिया देवी, सुमन देवी, रिंकी कुमारी, संजू कुमारी, लालमती देवी, बबीता देवी और रीता देवी समेत अन्य मजदूर शामिल हैं.