राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: लगभग दो वर्षों से बंद पड़ी सिकनी कोलियरी को पुनः सुचारू रूप से चालू कराने की मांग को लेकर सोमवार को झारखंड खनिज मजदूर संघ के बैनर तले जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत संघ के नेतृत्व में सैकड़ों मजदूरों ने सिकनी मैदान से रोषपूर्ण रैली निकाली. रैली सिकनी कोलियरी स्थित निगम कार्यालय पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई. प्रदर्शन का नेतृत्व संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र प्रसाद यादव ने किया.
सभा को संबोधित करते हुए संघ अध्यक्ष सत्येंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि सिकनी कोलियरी क्षेत्र के हजारों परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है. करीब दो वर्षों से कोलियरी बंद रहने के कारण मजदूरों के साथ-साथ ट्रक ऑनर, चालक, उपचालक, डीओ होल्डर्स सहित प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े करीब 10 हजार लोग प्रभावित हो रहे हैं.
उन्होंने कहा कि रोजगार का संकट बढ़ने से कई परिवार आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं. वहीं, रोजगार के अभाव में क्षेत्र से लोगों का पलायन भी बढ़ रहा है. संघ की ओर से पूर्व में कई बार प्रशासन और निगम के अधिकारियों के समक्ष कोलियरी को चालू कराने की मांग रखी गई, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं होने के कारण मजदूरों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा.
जेएसएमडीसी के प्रबंध निदेशक के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन और सभा के बाद झारखंड खनिज मजदूर संघ की ओर से जेएसएमडीसी के प्रबंध निदेशक के नाम खान अभिकर्ता को ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन के माध्यम से सिकनी कोलियरी को जल्द से जल्द चालू कराने की मांग की गई.
संघ ने स्पष्ट किया कि कोलियरी के संचालन से न केवल मजदूरों को रोजगार मिलेगा, बल्कि इससे परिवहन व्यवसाय, स्थानीय व्यापार और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी.
मौके पर मजदूर नेता प्रमोद साहू, राजनाथ उरांव, जागा उरांव, लाल रणविजय नाथ शाहदेव, रामचंद्र यादव, रवि डे समेत बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद में घर के बाहर से बाइक और ट्रैक्टर की बैटरी चोरी, अज्ञात चोरों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज