न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज शनिवार को रांची के लोअर करमटोली स्थित झारखंड की पूर्व मंत्री दिवंगत विमला प्रधान जी के आवास पहुंचे. मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री विमला प्रधान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. और मरांग बुरु से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों एवं प्रशंसकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति और संबल दें. मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की तथा उनका ढांढस बंधाया.
इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ा देने वाला है. सार्वजनिक जीवन में विमला प्रधान जी का योगदान एवं जनता के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा. उन्होंने सिमडेगा सहित पूरे राज्य के विकास के लिए लंबे समय तक अपनी सक्रिय भूमिका निभाई.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका इस तरह चले जाना झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता. पूर्व मंत्री विमला प्रधान जी समाज के हर वर्ग-समुदाय के कल्याण के लिए तत्पर रहने वाली एक सजग और कर्मठ राजनेता थीं.
उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री विमला प्रधान पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थी और रांची स्थित एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने विगत शुक्रवार रात अंतिम सांस ली.
इसे भी पढ़ें: रांची: आजाद बस्ती में बूचरखाना तोड़ने पहुंची नगर निगम की टीम, लोगों ने किया हंगामा; सड़क जाम