न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है, जहां सम्राट चौधरी को भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया है। इस फैसले के साथ ही वे राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं और बिहार में नए नेतृत्व का दौर शुरू हो गया है। बिहार की राजनीति में 15 अप्रैल 2026 का दिन ऐतिहासिक बन गया है। लंबे समय से जारी सियासी उठापटक के बाद अब राज्य को नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। NDA विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नेता चुने जाने के बाद आज वे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही पहली बार बिहार में भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेगा, जो राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। यह बदलाव सिर्फ नेतृत्व का नहीं, बल्कि सियासी संतुलन और सत्ता समीकरणों का भी है, जो आने वाले समय में राज्य की दिशा तय करेगा।
हाइलाइट्स:
- सम्राट चौधरी आज बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे
- पटना के लोक भवन में होगा भव्य समारोह
- दो डिप्टी सीएम और कई मंत्री भी ले सकते हैं शपथ
- नीतीश कुमार ने दिया समर्थन, खुद रखा नाम का प्रस्ताव
- राजधानी पटना में जश्न जैसा माहौल, सड़कों पर पोस्टर-बैनर
- जेपी नड्डा सहित कई बड़े नेता समारोह में शामिल
लोक भवन में होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह
आज पटना के लोक भवन में सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ दो उपमुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के कुछ सदस्य भी शपथ ले सकते हैं, जिससे नई सरकार का औपचारिक गठन होगा।
राजधानी पटना में जश्न जैसा माहौल
शपथ ग्रहण को लेकर पटना शहर को पूरी तरह सजाया गया है। बीजेपी कार्यालय में विशाल मंच तैयार किया गया है और सड़कों पर पोस्टर-बैनर लगाए गए हैं, जिससे पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दे रहा है।
नीतीश कुमार का मिला समर्थन
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सम्राट चौधरी के नाम का समर्थन किया। विधायक दल की बैठक में उन्होंने स्वयं उनके नाम का प्रस्ताव रखा और उन्हें आशीर्वाद दिया।
विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का दावा
मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि वे एनडीए नेताओं के विश्वास के साथ बिहार के विकास, प्रगति और सुशासन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
बड़े नेताओं का जुटना शुरू
समारोह में शामिल होने के लिए बीजेपी के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा पटना पहुंच चुके हैं। इसके अलावा सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी और उनका पूरा परिवार भी इस ऐतिहासिक मौके का हिस्सा बनेगा।
लोक भवन में बढ़ी हलचल
शपथ ग्रहण समारोह से पहले लोक भवन में नेताओं और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। कुछ ही देर में बिहार को अपना नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा।
इसे भी पढ़ें - दुल्हन सा सजा BJP दफ्तर, कुछ ही देर में शपथ लेंगे सम्राट—बिहार में नया सत्ता अध्याय शुरु...