राजेश कुमार/न्यूज 11 भारत
बोकारो थर्मल बेरमो/डेस्क: युवा कोर्फबॉल खिलाड़ी यूरी सेठी ने खेल जगत में एक और उपलब्धि हासिल की है. यूरी को कोर्फबॉल प्रीमियर लीग (KPL) 2026 में गुजरात रॉयल्स की कप्तानी सौंपी गई है. इस उपलब्धि से पेटरवार सहित बोकारो और पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है.
भारत में कोर्फबॉल को प्रोफेशनल मंच देने के उद्देश्य से शुरू हुई KPL-2026 का पहला संस्करण 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली के त्यागराज इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है. लीग का उद्घाटन भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्री श्री किरण रिजिजू ने किया, साथ ही इस मौके पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री आशीष सूद भी उपस्थित रहे. KPL को भारत की पहली प्रोफेशनल मिश्रित-लिंग कोर्फबॉल लीग के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें पुरुष और महिला खिलाड़ी एक ही टीम में खेलते हैं. लीग की थीम "नया खेल नई सोच" है.
KPL-2026 के उद्घाटन संस्करण में दिल्ली धुरंधर्स, गुजरात रॉयल्स, तेलुगु लीजेंड्स, फतेह वॉरियर्स, दंगल वॉरियर्स, आमची टाइटन्स, यूपी हसलर्स और थाला स्ट्राइकर्स सहित आठ फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं. प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों के साथ 14 देशों के 112 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं.
इसकी जानकारी खिलाड़ी यूरी सेठी की चाची बोकारो थर्मल जीएम कॉलोनी निवासी संगीता पूरी ने खुशी जाहिर करने हुवे बताए कि हमारी भतीजी यूरी सेठी इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं. अगस्त 2025 में चीन के लेशान में आयोजित IKF U21 एशिया-ओशिनिया कोर्फबॉल चैंपियनशिप में वह भारतीय टीम का हिस्सा रहीं. अगस्त 2026 में मलेशिया के निलाई में आयोजित IKF U21 विश्व कोर्फबॉल चैंपियनशिप में उन्होंने भारतीय टीम की उपकप्तान के रूप में हिस्सा लिया. KPL की आधिकारिक सामग्री में भी यूरी को प्रमुख भारतीय महिला कोर्फबॉल खिलाड़ियों में स्थान दिया गया है.
यूरी सेठी स्व. विद्या सागर महथा की पौत्री तथा विशेष कुमार और अन्नू सेठी की पुत्री हैं. विद्या सागर महथा वैज्ञानिक आधार पर संयुक्त गत्यात्मक ज्योतिष के संस्थापक के रूप में विख्यात रहे हैं.
यूरी की इस उपलब्धि से बोकारो थर्मल,पेटरवार सहित बोकारो जिले के खेलप्रेमियों में विशेष उत्साह है. गुजरात रॉयल्स की कप्तानी के साथ यूरी सेठी ने बोकारो जिला का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय खेल मंच पर पहुंचाया है.
यह भी पढ़ें: रिम्स के शवगृह में लंबे समय से रखे 43 लावारिस शवों का सम्मानजनक अंतिम संस्कार किया गया