इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत
सहरसा/डेस्क: सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र स्थित रहूआ चौक के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक 7 साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार में जा रहा एक टेंपो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे वह पलट गया. हादसे के समय टेंपो में कुल आठ यात्री सवार थे.
मृत बच्ची की पहचान सहरसा सदर थाना क्षेत्र के लवली आनंद पथ निवासी कौशल कुमार की पुत्री अदिति कुमारी (7 वर्ष) के रूप में हुई है. घायल यात्रियों में निशिकांत झा (34), आभा झा (42), उर्मिला देवी (62), मुन्ना झा (55), नेहा झा (26), अनुराग कुमार (3) और आराध्या कुमारी (9) शामिल हैं. सभी का सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया.
बच्ची के फूफा महेश कुमार झा ने बताया कि परिवार नवहट्टा थाना क्षेत्र के हाटी बराही श्रद्धा क्रम में शामिल होने जा रहा था. पुल पर चढ़ते समय टेंपो तेज रफ्तार के कारण डिवाइडर से टकरा गया. हादसे में गंभीर रूप से घायल अदिति को बचाया नहीं जा सका और सदर अस्पताल में उसकी मौत हो गई. सहरसा सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है.
यह भी पढ़ें: गया में दो ट्रकों की भीषण टक्कर, ड्राइवर और खलासी घंटों केबिन में फंसे रहे, स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू