इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत
सहरसा/डेस्क: सहरसा जिले के नौहट्टा नगर पंचायत में पूर्व सांसद और चर्चित नेता आनंद मोहन सिंह के अचानक आगमन से स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई. वे बिना पूर्व सूचना के पूर्व मुखिया बब्बू सिंह के आवास पहुंचे, जहां पारंपरिक तरीके से माला और गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया गया. मुलाक़ात के बाद दोनों के बीच हुई बातचीत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
मीडिया से बात करते हुए आनंद मोहन सिंह ने हाल में चर्चित हुए बुलडोजर अभियान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बिना पूरी जाँच और कानूनी प्रक्रिया के किसी भी तरह की बुलडोजर कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. उनके अनुसार, यदि अदालत का आदेश हो तो प्रशासन को पारदर्शिता और नियमों के तहत कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी निर्दोष को नुकसान न हो.
इसके साथ ही उन्होंने चुनाव के बाद विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों को बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि हार का ठीकरा सरकारी तंत्र पर फोड़ना विपक्ष की पुरानी आदत है. उनके मुताबिक जनता ने भरोसे के साथ सरकार चुनी है, और बिना सबूत विपक्ष का माहौल बिगाड़ना सिर्फ राजनीति है.
यह भी पढ़ें: कांग्रेस नेत्री मोना पासवान के घर पर निगरानी की पड़ी रेड, पति मिथिलेश कुमार की गिरफ्तारी के बाद कार्रवाई