अभिषेक राज/न्यूज11 भारत
गया/डेस्क: बिहार के गया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर रविवार को खंजाहापुर बेलदारी टोला में एक खूनी टकराव हो गया. आरोप है कि गोटिया पक्ष के 10–15 लोगों ने खेत में धान की कटाई कर रहे एक ही परिवार के आधा दर्जन सदस्यों पर कुदाल, गरासा और लोहे के रद्द जैसे धारदार हथियारों से अचानक हमला कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेजा. घायलों में रंजय कुमार, मंटू कुमार, संजय कुमार, रामजतन यादव, प्रीति कुमारी, लखिया देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं.
पीड़ित परिवार का कहना है कि संबंधित जमीन को लेकर पिछले चार साल से मामला कोर्ट में लंबित है, बावजूद इसके उन पर लगातार जमीन छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा था. पीड़ितों ने आरोप लगाया कि आज इसी विवाद को लेकर महेश यादव का बेटा कुणाल कुमार, मनीष कुमार, मुन्ना कुमार, छोटू कुमार, शंकर यादव का बेटा सनी कुमार, रवि कुमार, रंजन कुमार, धर्मेंद्र यादव, राजकुमार यादव समेत कई पुरुषों और महिलाओं ने मिलकर उन पर हमला कर दिया.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति नियंत्रण में है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी.
यह भी पढ़ें: मुंगेर: छिनतई में असफल रहने के बाद यात्री पर एसिड अटैक मामला, जसीडीह आरपीएफ ने आरोपी को किया गिरफ्तार