इन्द्रदेव/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार के सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र अंतर्गत वरीबन सहसोल गांव में एक नाबालिग छात्र को गोली मारकर घायल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घायल छात्र की पहचान कृष्णा कुमार (15 वर्ष) के रूप में हुई है, जो चौथे वर्ग का छात्र है. वह बसनही थाना क्षेत्र के बरीबन सहसोल वार्ड संख्या-3 निवासी पंकज साह का पुत्र बताया जा रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्णा कुमार भैंस चराने गया था. काली स्थान के पास इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले पन्ना सिंह, जो स्थानीय सरपंच बताए जा रहे हैं, ने चिड़िया मारने वाली बंदूक से उस पर गोली चला दी. बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने पूर्वज के स्मारक को किसी द्वारा तोड़े जाने का आरोप लगाते हुए बच्चे पर गोली चला दी. गोली का छर्रा छात्र के गाल में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल छात्र का फिलहाल इलाज चल रहा है. घटना को लेकर सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश ठाकुर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़े: रामनवमी पर्व को लेकर निकाला गया फ्लैग मार्च, सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील