सागर कुमार शुक्ला/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बेतिया के नरकटियागंज के शिकारपुर थाना पुलिस ने शनिवार की सुबह कोइरगावा चौक के समीप एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक पर लदी भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है. हालांकि, कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल रहा. एसडीपीओ जय प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लौरिया के रास्ते पंजाब से उत्तर प्रदेश होते हुए नरकटियागंज की ओर शराब की एक बड़ी खेप लाई जा रही है. सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई.
छापेमारी के दौरान ट्रक चालक पुलिस को देखकर ट्रक लेकर भागने लगा, लेकिन कोइरगावा चौक के पास ट्रक छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाने लाया. जांच के क्रम में ट्रक पर लदे पाइपों के नीचे छिपाकर रखे गए कुल 503 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसमें रॉयल स्टेज और रॉयल चैलेंज ब्रांड की शराब शामिल है. एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि जब्त शराब की कुल मात्रा 4437 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है. ट्रक के नंबर के आधार पर चालक और यूपी नंबर वाले वाहन मालिक की पहचान की जा रही है. जल्द ही फरार चालक और शराब तस्करी में संलिप्त धंधेबाजों की गिरफ्तारी की जाएगी.
यह भी पढ़े: सफियासराय में खेत से 19 वर्षीय छात्र का शव बरामद, गला दबाकर की गई हत्या