न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर गुरुवार को दरभंगा पहुंचे, जहां उन्होंने दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. मोहम्मद इम्तियाज एवं डॉ. सुरेश प्रसाद राय के नामांकन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। नामांकन सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा और बिहार में बदलाव की जरूरत बताई।
सभा के दौरान पटना में जन सुराज के नामांकन कार्यक्रम में पहुंचे अनंत सिंह को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज के समर्थन में बिहार की बेहतरी और बदलाव के लिए पूरा समाज खड़ा है। उन्होंने कहा कि अगर अनंत सिंह भी इस बदलाव के समर्थन में खड़े हैं, तो उनका स्वागत है।
वही प्रशांत किशोर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जन सुराज का उद्देश्य बिहार में व्यवस्था और राजनीति में बदलाव लाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे राज्य के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
नामांकन कार्यक्रम के दौरान जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी संख्या मौजूद रही। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में लोगों से सहयोग की अपील की।