न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: पश्चिम चंपारण जिले के गौनाहा प्रखंड अंतर्गत नरकटियागंज-गौनाहा मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. अजिया शेरवा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतकों की पहचान बेलवा गांव वार्ड नंबर सात निवासी रामप्रीत महतो के पुत्र राहुल महतो (25) और वशिष्ठ महतो के पुत्र करण महतो (12) के रूप में हुई है. दोनों युवक सुबह करीब आठ बजे बेलवा छठ घाट से लौटने के बाद किसी काम से नरकटियागंज की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही गौनाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
वहीं प्रखंड जदयू अध्यक्ष सह बीस सूत्री उपाध्यक्ष विक्रमा चौधरी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अज्ञात वाहन की टक्कर से दो मासूम जिंदगियां खत्म हो गई. उन्होंने प्रशासन से दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.