न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार के नवादा जिले में एक इकलौते बेटे की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई है. यह घटना शुक्रवार को पकरीबरामा थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में सामने आई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
मृतक की पहचान बिरजू यादव के लगभग 25 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई है. मृतक के चचेरे भाई दीपक कुमार ने बताया कि सुभाष शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. खोजबीन के दौरान उसका शव मिला, जिसके गले में गमछा कसकर बंधा हुआ था. हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घर के इकलौते बेटे की मौत से पूरा परिवार सदमे में है. मृतक की पत्नी और दो बच्चों के साथ-साथ माता-पिता का भी रो-रोकर बुरा हाल है. सुभाष डीजे बजाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है। पुलिस ने मामले की हर बिंदु पर जांच शुरू कर दी है. घटना की पहली जानकारी आपातकालीन सेवा 112 को दी गई थी. थाना प्रभारी को सूचना मिलते ही जांच तेज कर दी गई और घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है.
यह भी पढ़े: CM नीतीश कुमार का सोशल मीडिया X पर ऐलान, डेयरी सेक्टर से बढ़ेगी ग्रामीण आय और महिला रोजगार