न्यूज11 भारत
बुढ़मू/डेस्क: बुढ़मू थाना क्षेत्र के चांया गांव स्थित साठीतारी टोला में वृद्ध महिला की धारदार हथियार से हत्या के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त धारदार लोहे का हथियार और एक गमछा भी बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को करीब शाम पांच बजे चांया के साठीतारी टोला में एक वृद्ध महिला की धारदार हथियार से हत्या की सूचना मिली थी. इसके बाद बुढ़मू थाना में कांड संख्या 62/26 दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक खलारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई.
टीम ने मानवीय स्रोत और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त अभिषेक नायक (45 वर्ष), निवासी चांया, थाना बुढ़मू, जिला रांची को गिरफ्तार किया. पुलिस ने कांड में प्रयुक्त धारदार लोहे का हथियार, जिस पर खून और मिट्टी के निशान पाए गए तथा एक सफेद-क्रीम रंग का सूती गमछा बरामद किया है. छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक खलारी राम नारायण चौधरी, जय प्रकाश राणा, थाना प्रभारी नवीन कुमार, संजीव कुमार, रवि रंजन कुमार सहित बुढ़मू थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे. पीसी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.