न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: गोवा के एक नाइट क्लब में भीषण हादसे में 23 लोगों की मौत हो गयी है. उत्तर गोवा के अर्पोरा गांव में शनिवार की देर रात यह भीषण हादसा हुआ है. इस नाइट क्लब में सिलेंडर ब्लास्ट से भीषण आग लग गयी जिसमें 23 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मरने वाले क्लब में काम करने वाले स्टाफ थे.
हादसे के बारे में गोवा पुलिस ने जानकारी दी कि नाइट क्लब में किचन एरिया में काम चल रहा था तभी सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया. जोरदार धमाके के बाद नाइट क्लब में आग लग गयी और बड़ा एरिया इसकी चपेटमें आ गया.खबर मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंच गयी.
गोवा डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि आधी रात को क्लब के ग्राउंड फ्लोर के किचन एरिया में लगी थी. आग सिलेंडर ब्लास्ट से ही लगी या कुछ और कारण है, इसकी जांच की जा रही है. डीजीपी ने किचन एरिया में काम कर रहे कर्मियों के ही मृत होने की बात स्वीकार की. उन्होंने यह भी बताया कि मृतकों में कोई भी पर्यटक नहीं था. डीजीपी के अनुसार,23 लोगों की मौत हुई है.
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत मौके पर पहुंचे
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और स्थानीय विधायक माइकल लोबो हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे और उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने घायलों और उनके इलाज के बारे में जानकारी ली. राहत एवं बचाव टीमें अब भी अपने काम में जुटी हुई है. अस्पताल के डॉक्टरों को घायलों की समुचित इलाज और देखरेख का निर्देश दिया गया है.
यह भी पढ़ें: सर्द होने लगी पूस की रात, झारखंड में पारा 6° तक लुढ़का, मैक्लूस्कीगंज में जमीं ओस की बूंदें