न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में इस वक्त मौसम में बदलाव देखा जा रहा हैं. पिछले 24 घंटों में रांची और अन्य जिलों में हल्की धूप और बादल के बीच मौसम ने अलग ही मिजाज दिखाया. हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण ठंडी हवाएं चलने से लोगों को स्वेटर पहनने की जरूरत महसूस हुई. आज फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जहां कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, वहीं वज्रपात भी हो सकता हैं.
क्या कहता है मौसम विभाग
मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर अभी भी जारी है, जिसके कारण बारिश और ठंडी हवा का दौर जारी रहेगा. कुछ उत्तर-पश्चिम जिलों में हल्की बारिश की संभावना है लेकिन यह बारिश बहुत तीव्र नहीं होगी. इसके अलावा वज्रपात की आशंका भी जताई जा रही है, इसलिए इस दौरान सतर्क रहना बेहद जरुरी हैं. मौसम में आंशिक बादल भी छाए रहेंगे, जिससे दिन में हल्की ठंडक का अनुभव होगा.
कैसा रहेगा मौसम का हाल?
मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड के कुछ जिलों जैसे गढ़वा, चतरा, पलामू, लातेहार और खूंटी में आज हल्की बारिश होने की संभावना हैं. इसके अलावा राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिनभर आंशिक बादल छाए रहेंगे, जिससे ठंडक का एहसास बढ़ सकता हैं. हालांकि, अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा और कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई हैं. पिछले 24 घंटों में सबसे गर्म जिला सरायकेला रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं चतरा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो दिनभर की गर्मी में ठंडक का अहसास कराता हैं.
आज का संभावित तापमान
देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस हो सकता हैं. वहीं कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रह सकता हैं. इसके अलावा, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, गुमला में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस हो सकता हैं. साथ ही पूर्वी और पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा में अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना हैं.