संतोष कुमार/न्यूज11 भारत
चांडिल/डेस्क: आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव के इस्तीफे के बाद पार्टी के अंदर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. इसी क्रम में रविवार को चांडिल स्थित रीवर व्यू होटल में आजसू पार्टी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर सरायकेला-खरसावां जिला कमेटी को भंग करने की घोषणा की गई. प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने संगठन को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए कहा कि पार्टी किसी एक व्यक्ति के आने-जाने से कमजोर नहीं होती, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती से पार्टी आगे बढ़ती है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला संयोजक एवं केंद्रीय सचिव सत्यनारायण महतो ने कहा कि पार्टी के किसी एक नेता के जाने से संगठन पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा. उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ संगठन के लिए काम कर रहे हैं. आने वाले समय में पार्टी संगठन को नए सिरे से मजबूत किया जाएगा और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर जोरदार तैयारी के साथ राजनीतिक मैदान में उतरने की रणनीति बनाई जाएगी.
वहीं, आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक साव ने भी पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं को लेकर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के पार्टी से जाने से संगठन पर कोई खास फर्क नहीं पड़ता. पार्टी में कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या है और संगठन लगातार अपने स्तर पर काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के बल पर आगे बढ़ेगी और आने वाले दिनों में संगठन को और मजबूत किया जाएगा.
महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष आरती मुंडा ने कहा कि पार्टी में पहले भी कई लोग आए और कई लोग चले गए, लेकिन इससे संगठन की गतिविधियां नहीं रुकीं. उन्होंने कहा कि पार्टी के पास कार्यकर्ताओं की कमी नहीं है. जरूरत पड़ने पर संगठन में एक नहीं बल्कि कई नए नेतृत्व तैयार किए जाएंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने का आह्वान किया.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और आगामी समय में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर भी जोर दिया. जिला कमेटी भंग किए जाने के बाद अब पार्टी की ओर से नए संगठनात्मक ढांचे को लेकर जल्द निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद में 18 नवंबर को सजेगी भक्ति-संगीत की शाम, शहनाज अख्तर की होगी भजन प्रस्तुति