अरुण कुमार यादव/न्यूज़11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले के केतार प्रखंड क्षेत्र में जन वितरण प्रणाली की दुकान से अगस्त माह का राशन नहीं मिलने की शिकायत को लेकर ग्रामीणों ने उपायुक्त से लिखित शिकायत की थी. ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि दुकानदार द्वारा लाभुकों से अंगूठा लगवाने के बावजूद अगस्त माह का राशन उपलब्ध नहीं कराया गया.
शिकायत के आलोक में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने संबंधित जन वितरण प्रणाली की दुकान पर पहुंचकर मामले की जांच की. जांच के दौरान ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए. इसके बाद बीडीओ ने संबंधित डीलर गोपाल बैठा से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा है. बीडीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि डीलर से स्पष्टीकरण मांगा गया है. स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जन वितरण प्रणाली के नियमों के तहत संबंधित दुकानदार के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि उन्हें समय पर राशन उपलब्ध कराया जायेगा.