न्यूज़11 भारत
पलामू/औरंगाबाद/डेस्क: पंडित दिनदयाल उपाध्याय मंडल के डेहरी ऑन सोन - गढ़वा रोड रेलखंड अंतर्गत नबीनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 02/03 पर आरपीएफ की टीम ने चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तार युवकों की पहचान गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी विशाल कुमार (25) और भवनाथपुर थाना क्षेत्र के बनखेता अरसली निवासी मनीष कुमार यादव (20) के रूप में हुई है.
आरपीएफ निरीक्षक राम विलास राम के नेतृत्व में उप निरीक्षक जय प्रकाश प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक शिव शंकर सिंह यादव, आरक्षी संतोष कुमार मिश्रा और शैलेश कुमार शर्मा की टीम ने यह कार्रवाई की. तलाशी के दौरान दोनों के पिट्ठू बैग से भगवा गमछे में लपेटकर रखा एक देशी कट्टा तथा काले प्लास्टिक में रखे 8 एमएम/केएफ अंकित दो जिंदा कारतूस बरामद हुए.
आरपीएफ के अनुसार पूछताछ में दोनों ने झारखंड के समीपवर्ती राज्यों से मोटरसाइकिल चोरी करने और पकड़े जाने से बचने के लिए हथियार रखने की बात बताई. बरामद हथियार व कारतूस को जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया गया और अग्रिम कार्रवाई के लिए बिहार राज्य अंतर्गत स्थित राजकीय रेल थाना सोननगर को सौंप दिया गया. आरपीएफ के अनुसार गिरफ्तार विशाल कुमार पूर्व में मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े सात मामलों में जेल जा चुका है.