न्यूज11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: भंडरा प्रखंड के भौंरो ग्राम में आज शहीद पांडेय गणपत राय की 217वीं जयंती मनायी गयी. कार्यक्रम का आयोजन शहीद पांडेय गणपत राय स्मारक समिति व जिला प्रशासन द्वारा किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश द्वारा किया गया. इससे पूर्व सभी अतिथियों द्वारा शहीद पांडेय गणपत राय की प्रतिमा व चित्र पर माल्यार्पण किया गया.
इस अवसर पर माननीय सांसद ने कहा कि आज हम सभी शहीद पांडेय गणपत राय जी की 217वीं जयंती मना रहे हैं. शहीदों के बिना यह आजादी सम्भव नहीं होती. यहाँ के इतिहासकारों ने स्वतंत्रता सेनानियों के जीवनी को उल्लेखित करने में आशानुरूप न्याय नहीं किया जिसकी नितांत आवश्यकता थी. आज भी राज्य के कई स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार को उचित पहचान और सम्मान नहीं मिल सका है. पूरे क्षेत्र में ऐसे स्वतंत्रता सेनानियों की सूची संग्रहित कर उन्हें पहचान दिलाने की आवश्यकता है ताकि शहीदों के परिवार को पूरा सम्मान मिल सके.
रेलवे स्टेशन का नाम पांडेय गणपत राय के नाम पर करने की मांग
माननीय सांसद ने कहा कि लोहरदगा जिला में रेलवे स्टेशन का नाम पांडेय शहीद गणपत राय के नाम पर किये जाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार के समक्ष रखा गया है. सरकार के निर्णय का इंतजार है.
इतिहास के पन्नों को बार-बार पलटने की आवश्यकता : उपायुक्त
कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ ताराचंद ने कहा कि आज हमें इतिहास के पन्नों को बार-बार पलटने की आवश्यकता है. हमें शहीदों के बारे अपनी भावी पीढ़ी को बताए जाने की आवश्यकता ताकि उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा हमेशा मिलती रहे. शहीद पांडेय गणपत राय के सपनों भौंरो ग्राम, उनके सपनों का प्रखंड, जिला, राज्य और देश बनाना है. उनका जुनून हम सभी मे दिखना चाहिए.
अन्य वक्ताओं ने भी रखे अपने विचार
आज के कार्यक्रम में गौ रक्षा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद (दर्जा प्राप्त मंत्री) ने शहीद पांडेय गणपत राय की जयंती को राजकीय स्तर पर मनाये जाने का प्रस्ताव रखा. पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि शहीद का जन्मस्थली होना लोहरदगा जिला वासियों के लिए यह गर्व की बात है.
परिसंपत्तियों का वितरण
आज के कार्यक्रम में पेंशन, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना संबंधित स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया. जरूरतमंदों के बीच कम्बल का भी वितरण किया गया. कार्यक्रम के अंत मे अतिथियों द्वारा मेला में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया गया.
आज के कार्यक्रम में शहीद पांडेय गणपत राय स्मारक समिति की अध्यक्ष डॉ वंदना राय, पद्मश्री मधु मंसूरी, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, भंडरा प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचल अधिकारी, शहीद पांडेय गणपत राय का पूरा परिवार, अन्य गणमान्य व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: अवैध कब्जे पर पुराना बाजार में क्लब और दुकान सील, नगर निगम की कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप