विरेन्द्र शर्मा/न्यूज11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण पुलिस ने बिहार में शराब खपाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चतरा रोड के वाइन शॉप के दो कर्मचारियों को शराब और वाहन सहित गिरफ्तार किया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चौपारण क्षेत्र से बोलेरो वाहन के माध्यम से बिहार शराब भेजी जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने अभिषेक होटल के सामने वाहन चेकिंग अभियान चलाया.
जांच के दौरान एक बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई. पुलिस ने वाहन से 24 पीस केन बीयर, 96 पीस बोतल बीयर तथा 8 पीस ब्लेंडर प्राइड का क्वार्टर जब्त किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मृत्युंजय कुमार, निवासी कन्जिया इटखोरी तथा वीरेंद्र कुमार, निवासी नावाडीह चौपारण के रूप में हुई है. पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी स्थानीय चतरा रोड वाइन शॉप के कर्मचारी हैं और शराब को बिहार ले जाकर खपाने की तैयारी में थे. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन समेत शराब जब्त कर ली है. मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: बेंगाबाद के मोतीलेदा सिजुआ स्कूल में पार्टी का वीडियो वायरल, पढ़ाई पर उठे सवाल