प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार शुक्रवार को भरनो प्रखंड के अमलिया पंचायत भवन में आयोजित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दावा-आपत्ति शिविर में पहुंचे.इस दौरान उन्होंने शिविर में मौजूद मतदाताओं से एसआईआर प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली और दावा-आपत्ति से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया.मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने शिविर में तैनात सुनवाई टीम के सदस्यों से दावा-आपत्ति के मामलों की जानकारी ली.
उन्होंने संधारित किए जा रहे अभिलेखों की भी जांच-पड़ताल की और पूरी प्रक्रिया को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित करने का निर्देश दिया.निरीक्षण के दौरान के. रवि कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मियों को विशेष रूप से निर्देश दिया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं कटे.उन्होंने कहा कि दावा-आपत्ति के मामलों की जांच पूरी सावधानी और निष्पक्षता के साथ की जाए, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहें और किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे.उन्होंने शिविर में पहुंचे लोगों से उनकी समस्याओं और प्रक्रिया से संबंधित जानकारी भी ली,अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि दावा-आपत्ति से संबंधित मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराया जाए.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि एसआईआर के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने अथवा नाम में आवश्यक सुधार कराने के लिए दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि 30 सितंबर तक बढ़ा दी गई है.उन्होंने पात्र लोगों से निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की.अधिकारियों ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को शिविर में चल रहे कार्यों एवं दावा-आपत्ति से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी.निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी गुंजन कुमारी सिन्हा,डीपीआरओ डॉ. शिशिर कुमार सिंह,तारिक अनवर,मनिता कुमारी सहित भरनो प्रखंड के संबंधित कर्मी एवं सुनवाई टीम के सदस्य मौजूद थे.