मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: खलारी. सीसीएल एनके एवं पिपरवार क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, चोरी एवं पिलफेरेज के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का अभियान लगातार जारी है. कमांडेंट अमित कुमार के निर्देशन में सीआईएसएफ की टीम ने 18 सितंबर को पिपरवार क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर सर्च एवं रेड अभियान चलाकर कुल 50.530 टन कोयला बरामद किया.
सहायक कमांडेंट हर्ष लवानिया के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले बचरा साइडिंग स्थित एनटीपीसी साइडिंग की ओर जंगल क्षेत्र में छापेमारी की. सूचना के आधार पर की गई सर्च के दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया 19.500 टन कोयला बरामद हुआ. इसे बीआरएस डब्ल्यूबी-01 कांटा घर में वजन कराने के बाद आवश्यक प्रक्रिया के तहत सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया.
इसके बाद टीम ने अशोका कोल डंप के प्रवेश बिंदु के समीप कार्रवाई की. यहां अवैध रूप से रखा 29.250 टन कोयला बरामद हुआ. अशोका डब्ल्यूबी-05 कांटा घर में वजन कराने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई. बीआरएस एवं अशोका क्षेत्र से हुई दोनों कार्रवाई में कुल 48.750 टन कोयला बरामद हुआ, जिसकी कीमत सीसीएल प्रबंधन ने 57,958.75 रुपये आंकी है.
इसी क्रम में डकरा स्थित डीआरएस क्षेत्र में भी कोल रेड की गई. यहां से 1.780 टन कोयला बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2,011.40 रुपये बताई गई है. बरामद कोयले को नियमानुसार सीसीएल डकरा साइडिंग को सौंप दिया गया. इस तरह एक दिन में हुई तीन कार्रवाई में कुल 50.530 टन कोयला बरामद किया गया.
एमएमडीआर एक्ट के तहत कार्रवाई
सीआईएसएफ अधिकारियों के अनुसार उक्त कार्रवाई एमएमडीआर एक्ट, 1957 के तहत प्राप्त वैधानिक शक्तियों के अंतर्गत की गई. अभियान में निरीक्षक एलएस मिन्ज, एसपी तिग्गा, कुलदीप, विजय कुमार संगा, उप निरीक्षक अनिल कुमार राय, रजिया सुल्ताना सहित क्राइम टीम और करीब 15 बल सदस्य शामिल रहे.
यह भी पढ़ें: छठी कक्षा के छात्रों को तीन भाषा नियम में नहीं मिलेगी छूट, सुप्रीम कोर्ट की सलाह- जनवरी 2027 से लागू करे नियम