प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड व्यावसायिक संघ के चुनाव में 427 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक राज के समर्थकों ने रविवार को भव्य विजय जुलूस निकाला. चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया और जुलूस के दौरान जमकर खुशी मनाई गई.
विजय जुलूस बाजार क्षेत्र से शुरू होकर बस स्टैंड, आदर्शनगर, सब्जी मंडी, रेलवे क्षेत्र होते हुए बाबा चौक तक पहुंचा. इस दौरान समर्थकों ने दीपक राज का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की. जगह-जगह व्यवसायियों और स्थानीय लोगों ने भी नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी.बताते चलें कि व्यावसायिक संघ के चुनाव में कुल 613 मत पड़े थे. दीपक राज को 508 वोट, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी मनोज प्रसाद को 81 वोट मिले. वहीं 24 मत अमान्य घोषित किए गए.
इस प्रकार दीपक राज ने 427 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल कर दोबारा अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया.विजय जुलूस के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला. ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के बीच समर्थकों ने दीपक राज की जीत का जश्न मनाया. दीपक राज ने सभी व्यवसायियों और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि संघ की मजबूती और व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी पूरी ईमानदारी से काम करेंगे.
चुनाव प्रभारी पंकज अग्रवाल उर्फ डब्लू तथा उनकी टीम में आनंद अग्रवाल, स्वरित छावड़ा समेत अन्य लोगों ने चुनाव प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. विजय जुलूस में बड़ी संख्या में व्यवसायी और समर्थक शामिल रहे.