न्यूज 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा विद्यालयों के उत्क्रमण को लेकर जारी सूची में बहरागोड़ा प्रखंड के एक भी माध्यमिक विद्यालय को प्लस टू उच्च विद्यालय में उत्क्रमित नहीं किए जाने पर सवाल उठाए गए हैं. इस संबंध में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर दिनेश सारंगी ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के सचिव को आवेदन भेजकर योग्य विद्यालयों को उत्क्रमित करने की मांग की है.
आवेदन में कहा गया है कि बहरागोड़ा क्षेत्र के कई पुराने एवं मान्यता प्राप्त विद्यालय प्लस टू उच्च विद्यालय में उत्क्रमित किए जाने की आवश्यक योग्यता पूरी करते हैं. इनमें एसएस हिन्दी हाईस्कूल गण्डानाटा, केवी हाईस्कूल गामारिया, कैमी हिन्दी हाईस्कूल कैमी, केडी हाईस्कूल कुमारडूवी, गुहियापाल ओड़िया हाईस्कूल तथा सीडीएन हाईस्कूल पाचाण्डो शामिल हैं. वहीं गुड़ाबांदा प्रखंड के आदिवासी हाईस्कूल बेनागाड़िया को भी सूची में शामिल करने की मांग की गई है.
इसके अलावा आवेदन में पांचरूलिया ओड़िया मध्य विद्यालय, खईरापाल ओड़िया मध्य विद्यालय तथा आदित्यपुर स्थित आसिंगी ओड़िया मध्य विद्यालय को भी उच्च विद्यालय में उत्क्रमित करने की मांग की गई है. आवेदन में विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि पांचरूलिया ओड़िया मध्य विद्यालय की स्थापना वर्ष 1967 में हुई थी और विद्यालय लंबे समय से क्षेत्र में शिक्षा प्रदान कर रहा है. साथ ही वर्ष 2016 में तत्कालीन राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा खण्डामौदा में इसे उत्क्रमित उच्च विद्यालय बनाने की घोषणा का भी हवाला दिया गया है.
आवेदक ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़े, इसके लिए योग्य विद्यालयों को इसी शैक्षणिक सत्र में प्लस टू एवं उच्च विद्यालय के रूप में उत्क्रमित किया जाए. आवेदन की प्रतिलिपि पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के उप सचिव, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, झारखंड के मुख्य सचिव तथा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव को भी भेजी गई है.
इसे भी पढ़ें: बरवाअड्डा थाना में भारी बवाल! MLA जयराम महतो और मुखिया समर्थकों में हाथापाई, विधायक पर जानलेवा हमले का आरोप