संतोष कुमार/न्यूज11 भारत
सरायकेला/डेस्क: सरायकेला जिला के कांड्रा स्थित अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड, कांड्रा में कार्यरत रहे स्वर्गीय अशोक कुमार महतो के आश्रित परिवार ने अनुकंपा के आधार पर स्थायी नियोजन की मांग को लेकर कंपनी के मुख्य गेट के समक्ष अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना शुरू कर दिया है. परिवार का आरोप है कि कई दौर की वार्ता के बावजूद कंपनी प्रबंधन की ओर से उनकी मांग पर कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई.
धरने पर बैठे मृतक के पुत्र मनीमय महतो ने बताया कि उनके पिता कंपनी में लैब असिस्टेंट के पद पर स्थायी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे. उनके निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. परिवार की आय का स्थायी साधन नहीं होने के कारण अनुकंपा के आधार पर नौकरी की मांग की जा रही है.
मनीमय महतो के अनुसार, नियोजन को लेकर कंपनी प्रबंधन के साथ अब तक पांच दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन सभी वार्ताएं बेनतीजा रहीं. प्रबंधन की ओर से मांग स्वीकार नहीं किए जाने के बाद परिवार ने धरने का रास्ता अपनाया है.
परिवार का कहना है कि यह धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है. जब तक कंपनी प्रबंधन की ओर से उनकी मांग पर ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा. आश्रित परिवार ने कंपनी प्रबंधन के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी मामले में हस्तक्षेप कर नियोजन दिलाने की अपील की है.
इधर, धरना प्रदर्शन को लेकर कंपनी प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन कंपनी के किसी भी पदाधिकारी ने इस संबंध में अपना पक्ष रखने से इनकार किया.
यह भी पढ़ें: JPSC परीक्षा को रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले पर झारखंड हाई कोर्ट ने लगाई रोक