न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: त्यौहारी सीजन को देखते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है. इस क्रम में आज सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने धनबाद शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक छापेमारी की.
कार्रवाई के दौरान कई दुकानों से पनीर के नमूने एकत्र कर रासायनिक परीक्षण हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजे गए. प्रारंभिक जांच में संदिग्ध पाए गए पनीर व अन्य उत्पादों को मौके पर जब्त किया गया.
निरीक्षण दल के स्टील गेट स्थित गौतम डेयरी पहुंचने पर उसका संचालक दुकान छोड़कर फरार हो गया. जांच में प्रतिष्ठान का एफएसएसएआई लाइसेंस भी एक्सपायर्ड (अवैध) पाया गया. दुकान से 48 किग्रा संदिग्ध पनीर, 2 किग्रा घी तथा खोवा जब्त किया गया. भारी मात्रा में मिलावटी खाद्य सामग्री मिलने और संचालक के भागने के कारण दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया. वहीं पुलिस लाइन स्थित राकेश डेयरी से 10 किग्रा संदिग्ध पनीर जब्त किया गया.
इसके अलावा टीम ने अन्य प्रतिष्ठानों से भी नमूना संग्रहण किया. इसमें सरायढेला स्थित रूफ़ 709, निर्मल स्वीट्स, रमेश डेयरी तथा बरटांड़ स्थित गंगा डेयरी से भी पनीर, घी एवं खोवा मिठाई के नमूने एकत्र किए गए. मौके पर की गई जांच में विफल पाए गए खाद्य पदार्थों को भी जब्त किया गया.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों को शुद्ध, स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निरीक्षण अभियान पूरे जिले में निरंतर जारी रहेगा. मिलावटखोरों और बिना वैध लाइसेंस के खाद्य कारोबार संचालित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के साथ नवनियुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंदन साव, चन्द्रदेव गंझू, जैस्मीन केरकेट्टा, नैना नायक सहित विभागीय कर्मी राहुल कुमार पासवान, राहुल कुमार, अमित कुमार एवं शुभम कुमार उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन भरोसा के तहत गुम मोबाइल फोन उनके मालिकों को एसपी ने किया सुपुर्द