मधुसूदन/न्यूज11 भारत
सरायकेला/डेस्क: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया रेलवे स्टेशन के सुनसान इलाके में ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय को ऑर्डर के बहाने बुलाकर लूटपाट करने के मामले का आदित्यपुर थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से डिलीवरी बॉय से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है.
जानकारी के अनुसार, 21 और 22 सितंबर 2026 को कुछ युवकों ने ब्लिंकिट ऐप के माध्यम से कुरकुरे, चिप्स, सॉफ्ट ड्रिंक, आइसक्रीम समेत अन्य सामानों का ऑर्डर दिया था. आरोपियों ने डिलीवरी बॉय को गम्हरिया रेलवे स्टेशन के सुनसान स्थान पर बुलाया और डिलीवरी के दौरान बिना भुगतान किए सामान ले लिया. विरोध करने पर डिलीवरी बॉय का मोबाइल फोन और अन्य सामान छीनकर फरार हो गए.
घटना के संबंध में ब्लिंकिट कर्मचारी की शिकायत पर 23 सितंबर 2026 को आदित्यपुर थाना में अज्ञात तीन-चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंकज गोराई, पिता घासीराम गोराई, निवासी नेमपाड़ा, मुरकुम रोड, थाना आरआईटी तथा सूरज गोराई, पिता नारायण गोराई, निवासी सतवाहिनी, धीराजगंज, श्याम बाबू मैदान के समीप, थाना आदित्यपुर को 24 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. साथ ही लूटे गए मोबाइल फोन को भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य दो आरोपी बादल गोराई और करण राणा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: देवरी थाना क्षेत्र में चितरोकुराह में घर का ताला तोड़कर दो लाख नगद सहित लगभग साढ़े तीन लाख के जेवरात की चोरी